Home Business Gold-Silver Price: चांदी में ₹6900 से ज्यादा की तेजी, सोना ₹1.58 लाख...

Gold-Silver Price: चांदी में ₹6900 से ज्यादा की तेजी, सोना ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम के करीब

20 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को सोने-चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ते रुझान के चलते सर्राफा बाजार में खरीदारी बढ़ी, जिससे चांदी की कीमतों में करीब 7 हजार रुपये की तेजी दर्ज की गई।

इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों के अनुसार Gold की कीमत 2860 रुपये बढ़कर लगभग 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। वहीं Silver की कीमत 6920 रुपये उछलकर करीब 2.38 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

IBJA के आंकड़े क्या बताते हैं

Indian Bullion and Jewellers Association के अनुसार 27 फरवरी 2026 को सोना 1,59,097 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,67,900 रुपये प्रति किलो के स्तर पर थी। इसके अगले दिन पश्चिम एशिया में युद्ध की शुरुआत के बाद बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर शुरू हो गया।

सोने में उतार-चढ़ाव की वजहें

विशेषज्ञों के मुताबिक इस बार वैश्विक तनाव के बावजूद बाजार का रुझान पारंपरिक पैटर्न से अलग दिखाई दे रहा है। इसके पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं—

  • मार्जिन बढ़ने से ट्रेडिंग महंगी हो गई, जिससे सट्टेबाजी कम हुई।

  • शेयर बाजार में नुकसान की भरपाई के लिए निवेशकों ने सोना बेचना शुरू किया।

  • पहले से रिकॉर्ड तेजी के बाद नई खरीदारी धीमी पड़ गई।

  • मजबूत डॉलर की वजह से अंतरराष्ट्रीय मांग पर असर पड़ा।

हालांकि शुक्रवार को बाजार में आई तेजी से बुलियन बाजार में फिर से हलचल देखने को मिल रही है और निवेशकों की नजर आने वाले दिनों में वैश्विक हालात और मुद्रा बाजार की चाल पर बनी हुई है।