![]()
फाजिल्का में एक नाबालिग लड़की के साथ अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। जलालाबाद के फाजिल्का-फिरोजपुर रोड स्थित पीर मोहम्मद बस स्टैंड के पास की यह घटना है, जहां कार सवार युवकों ने परीक्षा से लौट रही एक छात्रा और उसके पिता पर हमला किया।
.
पीड़िता के पिता के अनुसार, करीब 4 महीने पहले भी गांव घुला के एक युवक समेत 10 लोगों ने उनकी साढ़े 17 वर्षीय बेटी का अपहरण किया था। हालांकि तब लड़की किसी तरह वापस आ गई थी और आरोपियों के खिलाफ थाना अमीर खास में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अब ताजा घटना में, जब पिता अपनी बेटी को परीक्षा के बाद स्कूटी पर घर ला रहे थे, कार सवार लोगों ने उन्हें टक्कर मारी और मारपीट कर लड़की का अपहरण करने का प्रयास किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी युवक उसके साथ जबरन शादी करना चाहता है।
थाना अमीर खास के एसएचओ दविंदर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता ने पुलिस सुरक्षा की मांग की है।











