Fatehabad, Tohana Municipal Council | Pollution Board Penalty | टोहाना नगर परिषद पर 59 लाख का जुर्माना: कचरा प्रबंधन में लापरवाही का मामला, डंपिंग साइट पर नियमों की अनदेखी – Tohana News

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने टोहाना नगर परिषद पर कड़ी कार्रवाई की है। बोर्ड ने मनियाना रोड स्थित कचरा डंपिंग साइट पर नियमों की अनदेखी के चलते परिषद पर 59 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।

प्रदूषण बोर्ड के अधिकारियों ने दो बार डंपिंग साइट का निरीक्षण किया। पहला निरीक्षण 24 दिसंबर को किया गया। इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का पालन नहीं पाया गया। साइट पर बड़ी मात्रा में जैव मृदा और आरडीएफ डंप मिला। इनका उचित निपटान नहीं किया जा रहा था।

मिश्रित कचरे को अलग नहीं किया गया

निरीक्षण में कई अन्य खामियां भी सामने आईं। डंप साइट पर मिश्रित कचरे को अलग नहीं किया गया था। प्लास्टिक कचरा खुले में फेंका हुआ था, जो आसपास के क्षेत्र में समस्या बन रहा था। साइट के आसपास वृक्षारोपण भी नहीं किया गया था।

दूसरे निरीक्षण में भी मिली खामियां

19 मार्च को दूसरा निरीक्षण किया गया। इस बार भी नियमों का पालन नहीं पाया गया। इसके बाद प्रदूषण बोर्ड ने यह जुर्माना लगाया। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता अंकित वशिष्ठ ने बताया कि जुर्माने की राशि को कम करने के लिए विभाग से पत्राचार किया गया है।