fatehabad-tohana-market-committee-strict-guidelines-wheat-procurement-season-april-1 | टोहाना में गेहूं खरीद से पहले मार्केट कमेटी का एक्शन: आढ़तियों और मिलरों को दी चेतावनी, निजी जमीन पर न डालें फसल – Tohana News

सचिव संदीप गर्ग जानकारी देते हुए।

फतेहाबाद जिले की टोहाना मार्केट कमेटी ने गेहूं खरीद सीजन से पहले कड़े निर्देश जारी किए हैं। मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग ने आढ़तियों और मिलरों को सरकार द्वारा निर्धारित मंडियों के अलावा कहीं भी गेहूं न गिराने की चेतावनी दी है।

एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू

सचिव ने स्पष्ट किया कि एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि बिना कार्यालय की अनुमति के कहीं भी स्टॉक नहीं किया जाना चाहिए। राइस मिलरों को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने या सगे-संबंधियों के नाम से मिल में गेहूं न उतरवाएं, ऐसे करने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

सचिव ने पत्र किया जारी

पहले भी गेहूं सीजन के दौरान कुछ आढ़तियों और मिलरों द्वारा निजी स्थानों पर गेहूं गिराने की शिकायतें मिलती रही हैं। इस बार प्रशासन ने पहले ही सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी जारी कर दी है। नियमों का उल्लंघन करने वाले आढ़तियों और मिलरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सचिव द्वारा पत्र आढ़ती एसोसिएशन, मिलर एसोसिएशन व लाइसेंस धारी सभी व्यापारियों को भेजा गया है, ताकि सरकार के नियमों की पालना करवाई जा सके।