कोटकपूरा में मोदी-ट्रंप के खिलाफ रोष मार्च निकालते किसान
फरीदकोट के कोटकपूरा में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसान संगठनों ने भारत पर अमेरिका सरकार द्वारा टैरिफ लगाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंककर नारेबाजी की
.
प्रदर्शन से पहले संयुक्त किसान मोर्चा में शामिल किसान संगठनों की तरफ से कोटकपूरा के लाला लाजपत राय पार्क से लेकर बत्तियां वाला चौक तक रोष मार्च निकाला गया। इस मौके पर बीकेयू एकता उग्राहां के जिला प्रधान जसपाल सिंह नंगल, किसान नेता हरनेक सिंह, बोहड़ सिंह, शमशेर सिंह, तीर्थ कौर और महेंदर कौर ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की सहमति के बाद ही अमेरिका की ट्रंप सरकार ने भारत पर टैरिफ लगाए हैं, जिसका आम लोगों पर सीधा असर पड़ेगा।

कोटकपूरा में मोदी-ट्रंप के पुतले फूंक कर नारेबाजी करते किसान
अमेरिका के टैरिफ से खेतीबाड़ी सेक्टर होगा प्रभावित-किसान नेता
उन्होंने कहा कि एक तरफ ट्रंप व मोदी की दोस्ती का प्रचार किया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ ट्रंप सरकार द्वारा नए टैक्स लगाकर भारत के लोगों को लूटने की तैयारी की जा रही है। इस मौके पर केंद्र सरकार से मांग रखी गई कि वह अमेरिका द्वारा लगाई गई टैक्स का विरोध करें ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
इस मामले में किसान नेता जसपाल सिंह नंगल ने कहा कि अमेरिका के नए टैरिफ से खेतीबाड़ी पर सीधा असर पड़ेगा और किसान मजदूर प्रभावित होंगे। इसके विरोध में ही संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मोदी सरकार व ट्रंप सरकार के पुतले फूंके जा रहे हैं।












