Faridabad Bihar Day celebrated| Minister Vipul Goyal| Mayor Praveen Batra Joshi | फरीदाबाद में मनाया गया बिहार दिवस: मंत्री गोयल और मेयर रहीं मौजूद; मधुबनी पेंटिंग और लिट्टी-चोखा का लगा मेला – Faridabad News

कार्यक्रम में पहुंचे कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और नई मेयर प्रवीण बत्रा जोशी।

फरीदाबाद में बिहार दिवस का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और नई मेयर प्रवीण बत्रा जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध संस्कृति का प्रदर्शन किया गया।

मधुबनी चित्रकला की प्रदर्शनी ने लोगों का ध्यान खींचा। बिहार के प्रसिद्ध व्यंजन लिट्टी-चोखा समेत कई पारंपरिक खाद्य पदार्थों का आनंद लोगों ने लिया। इस मौके पर बिहार की विरासत पर एक विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।

1912 में बिहार का गठन हुआ- गोयल

मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि 1912 में बिहार का गठन हुआ था। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने न सिर्फ अपने राज्य का विकास किया, बल्कि देश के हर कोने में जाकर विकास में योगदान दिया है। उन्होंने एनडीए सरकार के साथ बिहार की प्रगति का भी जिक्र किया।

बिहार के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय कार्यक्रम में शामिल हुए

कार्यक्रम में बिहार से आए राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख ने भाजपा फरीदाबाद का आभार व्यक्त किया। मखाना व्यवसायी अजीत झा ने बताया कि देश के कुल मखाना उत्पादन का 85 प्रतिशत बिहार में होता है। मखाने का उपयोग ड्राई फ्रूट, सब्जी और स्नैक्स के रूप में किया जाता है।

मंत्री गोयल ने कहा कि बिहार के लोग फरीदाबाद की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने 2014 और 2024 के चुनावों में पूर्वांचल के लोगों से मिले समर्थन के लिए आभार जताया।