28 May 2026 Fact Recorder
National Desk: गोवा के चर्चित नाइट क्लब ‘Birch by Romeo Lane’ मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.01 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां अस्थायी रूप से अटैच की हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है। जांच में क्लब के अवैध संचालन, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और बिना जरूरी लाइसेंस के कारोबार चलाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं।
यह मामला गोवा के अर्पोरा इलाके में स्थित क्लब से जुड़ा है, जहां 6 दिसंबर 2025 को भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हो गए थे। हादसे के बाद गोवा पुलिस ने अंजुना और मापुसा थानों में सौरभ लूथरा समेत कई लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की थी।
ED की जांच में खुलासा हुआ कि क्लब संचालित करने वाली कंपनी M/s Being GS Hospitality Goa Arpora LLP ने लाइसेंस हासिल करने के लिए फर्जी हेल्थ NOC और नकली पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट जमा किए थे। एजेंसी के मुताबिक क्लब का ट्रेड लाइसेंस 31 मार्च 2024 को समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद संचालन जारी रखा गया। साथ ही क्लब के पास जरूरी फायर NOC भी नहीं थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, वित्त वर्ष 2023-24 से लेकर 6 दिसंबर 2025 तक क्लब ने लगभग 29.78 करोड़ रुपये की कमाई की। ED ने इस रकम को अपराध से अर्जित आय (Proceeds of Crime) माना है।
इससे पहले 23 जनवरी 2026 को ED ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और बैंक खातों से जुड़े रिकॉर्ड जब्त किए थे। कार्रवाई के दौरान करीब 59 लाख रुपये के बैंक खाते भी फ्रीज किए गए थे।
ED ने बताया कि इस केस में पहले ही 17.45 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की जा चुकी हैं। ताजा कार्रवाई के बाद अब तक कुल 29.05 करोड़ रुपये की संपत्तियां और रकम अटैच या फ्रीज की जा चुकी है।













