Home Chandigarh डॉ. संदीप पाठक पर विवाद गहराया: भ्रष्टाचार और शोषण के आरोपों की...

डॉ. संदीप पाठक पर विवाद गहराया: भ्रष्टाचार और शोषण के आरोपों की चर्चा, सांसद ने दी सफाई

May 02, 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk:  राजनीतिक हलकों में राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक को लेकर विवाद तेज हो गया है। उन पर भ्रष्टाचार और महिला शोषण से जुड़े आरोपों की चर्चाएं सामने आने के बाद सियासी माहौल गर्म है। हालांकि अब तक किसी भी एजेंसी या पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, इन मामलों में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज होने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इस बीच यह भी चर्चा रही कि पंजाब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली स्थित आवास तक पहुंची, हालांकि इस पर भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

डॉ. पाठक ने इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें किसी भी एफआईआर की जानकारी नहीं है और न ही किसी जांच एजेंसी ने उनसे संपर्क किया है। उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा ईमानदारी के साथ काम किया है और यह सब राजनीतिक साजिश का हिस्सा हो सकता है।

गौरतलब है कि हाल ही में उन्होंने राघव चड्ढा समेत अन्य नेताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। इससे पहले वे आम आदमी पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों में शामिल रहे हैं और 2022 में राज्यसभा सांसद बने थे।

छत्तीसगढ़ के किसान परिवार से आने वाले डॉ. पाठक ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से पीएचडी की है और आईआईटी दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर भी रह चुके हैं। 2016 के बाद वे सक्रिय राजनीति में आए और तेजी से पार्टी के अहम चेहरे बन गए।

फिलहाल आरोपों और चर्चाओं के बीच मामला राजनीतिक रूप से लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।