07 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: देशभर में रसोई गैस उपभोक्ताओं को झटका लगा है। शनिवार (7 मार्च) से घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जबकि 19 किलोग्राम वाले व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर के दाम 115 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये, चेन्नई में 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये हो गई है।
कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में 19 किलोग्राम के व्यावसायिक सिलेंडर का दाम 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये हो गया है। मुंबई में यह 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये, कोलकाता में 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये हो गया है।
इस बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्तरां और छोटे व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर पड़ सकता है, क्योंकि वे बड़े पैमाने पर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं।
इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और ईंधन की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। तेल कंपनियों ने भी स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार मौजूद है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है।
सरकार ने एहतियात के तौर पर रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि देशभर में गैस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।













