21 कट्स के बाद पास हुई ‘धुरंधर 2’: हिंसक सीन पर चली कैंची, फिर भी 3 घंटे 49 मिनट लंबी फिल्म

18 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  Dhurandhar: The Revenge यानी ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। रिलीज से पहले फिल्म को Central Board of Film Certification (CBFC) की मंजूरी मिल गई है, हालांकि बोर्ड ने इसमें कई बदलाव करते हुए कुल 21 कट्स लगाए हैं।

Ranveer Singh अभिनीत इस फिल्म को सेंसर बोर्ड ने ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है, यानी इसे केवल 18 साल से अधिक उम्र के दर्शक ही सिनेमाघरों में देख सकेंगे। फिल्म में हिंसक दृश्यों और अपशब्दों को लेकर कई संशोधन किए गए हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक सेंसर बोर्ड ने फिल्म से करीब 1 मिनट 34 सेकंड की फुटेज हटाई है। इसके बावजूद फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 49 मिनट रखा गया है, जो पहले भाग से लगभग 15 मिनट ज्यादा है।

फिल्म में कई हिंसक दृश्यों पर कैंची चलाई गई है। इनमें हथौड़े से सिर पर वार करने, आंख फोड़ने, सिर काटने, लात मारने और सीमेंट के ब्लॉक से हमला करने जैसे सीन शामिल हैं, जिनकी अवधि कम कर दी गई है। इसके अलावा कई गालियों को म्यूट या बदल दिया गया है।

Aditya Dhar के निर्देशन में बनी इस फिल्म में हिंसा से जुड़े दृश्यों के साथ चेतावनी टैग भी जोड़े गए हैं। साथ ही ड्रग्स से संबंधित चेतावनी भी फिल्म में शामिल की गई है।

फिल्म के कुछ हिस्सों में प्रधानमंत्री के बयान और न्यूज फुटेज के इस्तेमाल के लिए निर्माताओं ने सेंसर बोर्ड को आधिकारिक अनुमति पत्र भी सौंपे हैं। ‘धुरंधर 2’ को पैन इंडिया स्तर पर रिलीज किया जा रहा है।