उत्तर प्रदेश में डिजिटल और रोबोटिक्स हब का विकास, 30 हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य

12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: उत्तर प्रदेश को डिजिटल टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत प्रदेश में आठ डाटा सेंटर पार्क विकसित किए जाएंगे, जिनकी कुल क्षमता 900 मेगावाट होगी। इस परियोजना में लगभग 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है।

अब तक आठ परियोजनाओं को लेटर ऑफ कंफर्ट जारी किए जा चुके हैं, जिनसे 21,342 करोड़ रुपये का निवेश और 644 मेगावाट क्षमता सुनिश्चित हो चुकी है। आने वाले समय में चार से पांच क्लस्टरों के माध्यम से कुल पांच गीगावाट क्षमता विकसित करने की योजना है। इन क्लस्टरों के आसपास डिजिटल टाउनशिप और नवाचार आधारित इकोसिस्टम भी विकसित किया जाएगा।

25 लाख युवाओं को एआई और उभरती तकनीकों का प्रशिक्षण

‘टेक युवा–समर्थ युवा’ योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ऑगमेंटेड रिएलिटी (AR), वर्चुअल रिएलिटी (VR) और एक्सटेंडेड रिएलिटी (XR) में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है।

इसके अलावा नई और उभरती तकनीकों के मिशन तथा रोबोटिक्स मिशन के लिए भी 100-100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

यूपी रोबोटिक्स मिशन होगा लॉन्च

उत्तर प्रदेश को रोबोटिक्स हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ‘उत्तर प्रदेश रोबोटिक्स मिशन’ लॉन्च करने जा रही है। बजट 2026-27 में इसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस मिशन के माध्यम से अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और इंडस्ट्री सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में पहले से ही रोबोटिक्स का मजबूत इकोसिस्टम विकसित हो रहा है, जहां एडवर्ब जैसी अग्रणी कंपनियां सक्रिय हैं।

लखनऊ और गौतमबुद्धनगर में बनेंगे यू-हब

राज्य सरकार लखनऊ और गौतमबुद्धनगर में ‘यू-हब’ की स्थापना करेगी। प्लग एंड प्ले मॉडल पर आधारित यह हब इन्क्यूबेशन, एक्सेलेरेशन, रिसर्च और डेवलपमेंट गतिविधियों का संचालन करेगा।

तेलंगाना, ओडिशा, केरल और कर्नाटक की तर्ज पर इन यू-हब्स को विश्वस्तरीय नवाचार केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इससे स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।