Augst 28,2026 Fact Recorder
International Desk: नेपाल के रसुवा क्षेत्र और तिब्बत के कीरोंग में आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 162 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सैकड़ों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। बाढ़ से कई इलाकों में भारी संरचनात्मक नुकसान भी हुआ है।
तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा ने नेपाल के रसुवा और तिब्बत के कीरोंग में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। गुरुवार को जारी बयान में उन्होंने मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
दलाई लामा ने कहा कि इस आपदा में कई लोगों की जान चली गई और बड़े पैमाने पर संपत्ति एवं बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ऐसी त्रासदियों को रोकने के लिए उचित और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में पहले भी प्राकृतिक आपदाएं आती रही हैं और यह जलवायु परिवर्तन या अन्य गहरे कारणों की ओर संकेत कर सकता है।
भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ से नेपाल में तबाही
तिब्बती क्षेत्र से निकलकर बाढ़ का पानी सीमा पार भोटेकोशी नदी तक पहुंच गया, जिसके बाद नेपाल के कई इलाकों में भारी तबाही देखने को मिली। नेपाल पुलिस के अनुसार, भोटेकोशी में आई अचानक बाढ़ के बाद अब तक 162 शव बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस ने बताया कि रसुवा, नुवाकोट, धाडिंग, चितवन, गोरखा, तनहु, नवलपरासी पूर्व और नवलपरासी पश्चिम समेत कई निचले जिलों में नदी किनारे से शव और मानव अंग बरामद हुए हैं। सबसे अधिक शव नेपाल के दक्षिणी मैदानी क्षेत्र चितवन से मिले हैं।
सैकड़ों लोग अब भी लापता
नेपाल सरकार के मुताबिक, आपदा के बाद विदेशी नागरिकों समेत सैकड़ों लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, नेपाल सेना के 44 जवान, विभिन्न पुलिस चौकियों पर तैनात 28 नेपाल पुलिसकर्मी और आपदा प्रभावित क्षेत्र में तैनात 13 सशस्त्र पुलिस बल (APF) के जवान भी लापता हैं।
इसके अलावा, 391 विदेशी पर्यटकों और 93 नेपाली पर्यटकों के भी संपर्क से बाहर होने की जानकारी सामने आई है। अधिकारियों ने 133 भारतीय नागरिकों के लापता होने की भी पुष्टि की है।
बाढ़ के बाद प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी है। प्रशासन लापता लोगों की तलाश के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में राहत पहुंचाने में जुटा हुआ है।













