रोहतक में अवैध निर्माण को तोड़ते हुए प्रशासन का बुलडोजर।
रोहतक जिले के गांव बहु जमालपुर व कुताना में भू-माफिया द्वारा 6.5 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का सख्त रुख देखने को मिला। प्रशासनिक टीम ने दोनों गांवों में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों को बुलडोजर से ढहा दिया है।
।
डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जिले में नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में अवैध निर्माण व कॉलोनियों में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसके चलते पुराना हिसार रोड पर गांव बहु जमालपुर तथा कुताना में लगभग 6.5 एकड़ में विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों को तोड़ा गया। नागरिक अवैध निर्माण व अवैध कॉलोनियों में खरीद फरोख्त न करें।

गांव बहु जमालपुर में अवैध निर्माण को ढहाता बुलडोजर।
प्रशासन ने ढहाए अवैध निर्माण
डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि अभियान के दौरान 2 अवैध कॉलोनियों में 6 नींव, तीन चारदीवारी, 5 निर्माण, डब्ल्यूबीएम रोड व बहु जमालपुर गांव में एक अवैध निर्माण को तोड़ा गया। इस दौरान लोगों के विरोध को रोकने के लिए पुलिस बल मौजूद रहा, जिसके कारण तोड़फोड़ कार्रवाई में कोई विरोध नहीं हुआ।

गांव बहु जमालपुर में कच्चे रोड को उखाड़ते हुए बुलडोजर।
भू-माफिया लोगों को कर रहे गुमराह
जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने बताया कि भू-माफिया लोगों को गुमराह करके अपने झांसे में लेते हैं और अवैध कॉलोनी में निवेश करवा देते हैं। ऐसी अवैध कॉलोनियों में रजिस्ट्री नहीं होती और प्रशासन की तरफ से लगातार नजर रखी जाती है। अवैध निर्माण करने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाती है।

गांव कुताना में अवैध निर्माण को तोड़ते हुए बुलडोजर।
86 स्थानों को किया गया चिह्नित
जिला नगर योजनाकार सुमनदीप ने बताया कि प्रशासन ने 86 अवैध कॉलोनियों को चिह्नित कर रखा है, जिनमें निरंतर तोड़फोड़ कार्रवाई की जा रही है। नागरिक अपनी जमा पूंजी को अवैध निर्माण या कॉलोनी में निवेश न करें। अवैध कॉलोनियों व निर्माण के विरुद्ध तोड़-फोड़ अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। जिला में अवैध निर्माण व कॉलोनी विकसित नहीं होने दी जाएगी।












