18 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: अभिनेत्री Shilpa Shetty के पति और बिजनेसमैन Raj Kundra ने इंटरनेट पर बढ़ते अश्लील कंटेंट को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने इस पर सख्त नियम बनाने की मांग करते हुए कहा कि 16 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखा जाना चाहिए।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में राज कुंद्रा ने कहा कि ऑनलाइन मौजूद अश्लील सामग्री समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही है। उनका कहना है कि इंटरनेट पर बिना किसी रोक-टोक के उपलब्ध ऐसा कंटेंट लोगों को गलत दिशा में ले जा सकता है और यह सामाजिक स्तर पर भी नुकसान पहुंचा सकता है।
उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों से उन्हें ट्रोलिंग, नफरत और मीडिया ट्रायल का सामना करना पड़ा है और उनकी एक ऐसी छवि बना दी गई जो वास्तविकता से अलग है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका यह बयान व्यक्तिगत सफाई के लिए नहीं, बल्कि समाज के हित में है।
राज कुंद्रा के मुताबिक, आज इंटरनेट पर आसानी से मिलने वाला मुफ्त और अनियंत्रित कंटेंट लोगों को लत लगाने वाला और नैतिक रूप से गिराने वाला हो सकता है। ऐसे में सरकार को इस पर कड़े नियम बनाने पर विचार करना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि भारत में भी कुछ देशों की तरह अश्लील वेबसाइटों पर प्रतिबंध लगाने और कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर रोक लगाने जैसे कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल माहौल बनाया जा सके।
गौरतलब है कि साल 2021 में Raj Kundra पर एक मोबाइल ऐप के जरिए कथित तौर पर अश्लील सामग्री के प्रसार का आरोप लगा था। इस मामले में उन्हें कानूनी जांच का सामना करना पड़ा था, हालांकि उन्होंने इन आरोपों से इंकार किया था।













