13 July 2026 Fact Recorder
Bollywood Desk: बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 60 साल पूरे होने के अवसर पर एक दिलचस्प इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अगर कभी उनकी जिंदगी पर बायोपिक बनती है, तो वह चाहेंगी कि दीपिका पादुकोण उनका किरदार निभाएं।
एक कार्यक्रम के दौरान जब हेमा मालिनी से पूछा गया कि क्या दीपिका उनकी बायोपिक के लिए सही पसंद होंगी, तो उन्होंने कहा, “अगर वह चाहें तो यह भूमिका निभा सकती हैं। वह बेहद खूबसूरत और प्रतिभाशाली अभिनेत्री हैं।”
दोनों के बीच है पुराना जुड़ाव
हेमा मालिनी और दीपिका पादुकोण के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध हैं। साल 2015 में हेमा मालिनी ने अपनी जीवनी ‘Hema Malini: Beyond the Dream Girl’ के लॉन्च के लिए भी दीपिका पादुकोण को ही चुना था।
इसके अलावा, दीपिका की पहली बॉलीवुड फिल्म ‘ओम शांति ओम’ में उनका शांतिप्रिया वाला किरदार काफी हद तक हेमा मालिनी की ‘ड्रीम गर्ल’ छवि से प्रेरित माना जाता है।
60 साल के सफर पर जताया आभार
डायमंड जुबली समारोह के बाद हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर कार्यक्रम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि फिल्म इंडस्ट्री में उनके 60 साल पूरे होने का जश्न बेहद भव्य और यादगार रहा, जिसे वह हमेशा याद रखेंगी।













