यूपी में चाइनीज मांझे पर सख्ती: इससे होने वाली मौ/त अब ‘हत्या’ मानी जाएगी, CM योगी ने पूरे राज्य में छापेमारी के दिए आदेश

05 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे से हो रही लगातार मौतों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। सीएम योगी ने स्पष्ट कर दिया है कि अब चाइनीज मांझे की वजह से किसी व्यक्ति की मौत होती है, तो उसे सिर्फ हादसा नहीं बल्कि हत्या माना जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रदेश में चाइनीज मांझे की बिक्री, उपलब्धता और इस्तेमाल पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए।

मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में अधिकारियों से सवाल किया कि प्रतिबंध के बावजूद राज्य में चाइनीज मांझा आखिर कैसे बिक रहा है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने पुलिस और प्रशासन को जिलेवार छापेमारी अभियान चलाने के आदेश दिए हैं। साथ ही प्रदेश भर में की जाने वाली कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी।

सीएम योगी का यह आदेश ऐसे समय आया है, जब राजधानी लखनऊ में एक दिन पहले ही 33 वर्षीय युवक मोहम्मद शोएब की चाइनीज मांझे से गला कटने के कारण दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, शोएब बाजारखाला थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज से बाइक से गुजर रहे थे, तभी अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। मांझे की तेज धार से उनका गला कट गया और अत्यधिक खून बहने लगा। राहगीरों ने उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।

यह कोई एक मामला नहीं है। लखनऊ समेत यूपी और देश के कई हिस्सों में चाइनीज मांझे से पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इन्हीं घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

राज्य सरकार का मानना है कि इस फैसले से चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार पर रोक लगेगी और लोगों की जान बचाई जा सकेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि यूपी की इस सख्ती से अन्य राज्यों में भी इसी तरह के कड़े कदम उठाए जाएंगे।