10 June 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: रोहतक: हरियाणा के रोहतक शहर के डी-पार्क क्षेत्र में दुकानों में लगी भीषण आग की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस हादसे में तीन लोगों की मौ*त हो गई, जबकि कई अन्य प्रभावित हुए हैं। घटना पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं घायलों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में घायल सभी लोगों का सरकारी अस्पतालों में निशुल्क इलाज कराया जाएगा। उन्होंने रोहतक के उपायुक्त को घटना से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को उचित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर डी-पार्क स्थित दुकानों में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए रोहतक सहित नौ जिलों से दमकल विभाग की गाड़ियों को बुलाना पड़ा। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेजा गया, जहां उनकी पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने के कारण अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी करनी पड़ी।
घटना के बाद रोहतक के उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों के साथ-साथ दमकल विभाग की गाड़ियों के कथित तौर पर देर से पहुंचने के आरोपों की भी जांच होगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के कारणों और जिम्मेदारियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इस बीच हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि राज्य सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।













