05 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Education Desk: नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज़ (NLU) के कंसोर्टियम ने आज, 5 फरवरी 2026 को CLAT 2026 की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। जो उम्मीदवार CLAT काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हुए थे, वे अब तीसरे राउंड के सीट आवंटन का परिणाम देख सकते हैं। रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट consortiumofnlus.ac.in पर उपलब्ध है।
तीसरी मेरिट लिस्ट में शामिल उम्मीदवारों को एनएलयू में आवंटित सीट को लेकर फ्रीज, फ्लोट या एग्जिट में से किसी एक विकल्प का चयन करना होगा। यह विकल्प 12 फरवरी 2026 को दोपहर 1 बजे तक चुना जा सकता है। तय समय सीमा के भीतर विकल्प न चुनने पर सीट रद्द हो सकती है।
गौरतलब है कि CLAT 2026 की परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी। जिन अभ्यर्थियों का नाम रैंक लिस्ट में आया है, उन्हें काउंसलिंग के प्रत्येक चरण में समय पर निर्णय लेना अनिवार्य है।
फ्रीज, फ्लोट और एग्जिट का मतलब
फ्रीज: यदि आवंटित एनएलयू से उम्मीदवार संतुष्ट है, तो वह सीट पक्की कर सकता है और आगे की काउंसलिंग में शामिल नहीं होगा।
फ्लोट: उम्मीदवार वर्तमान सीट स्वीकार करते हुए अगली मेरिट लिस्ट में बेहतर विकल्प की उम्मीद रख सकता है।
एग्जिट: यदि उम्मीदवार काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर होना चाहता है, तो एग्जिट का विकल्प चुन सकता है।
कंसोर्टियम की ओर से आगे के राउंड की तिथियां भी घोषित कर दी गई हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें।













