सिटी ब्यूटीफुल में सावन की फुहारें, गर्मी से राहत; मानसून की दस्तक जल्द संभावित

20 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में जल्द पहुंचेगा मानसून, बारिश ने दिलाई उमस से राहत                              चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में मानसून की दस्तक अब ज्यादा दूर नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून सामान्य समय से थोड़ा आगे चल रहा है और उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अनुमान है कि आगामी तीन से चार दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून चंडीगढ़ में पहुंच जाएगा।

सवेरे की फुहारों ने किया स्वागत
शुक्रवार सुबह जब सिटी ब्यूटीफुल के लोग नींद से जागे, तो हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। चंडीगढ़ के साथ-साथ पंचकूला और मोहाली में भी बरसात ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी।

मानसून की रफ्तार तेज
चंडीगढ़ मौसम केंद्र के निदेशक सुरिंदर पाल ने बताया कि मानसून बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच चुका है और अब पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में इसकी जल्द ही दस्तक होने की संभावना है।

20 से 23 जून तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 20 से 23 जून के बीच बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। 24 जून को बारिश में थोड़ी विराम की संभावना है, लेकिन उसके बाद फिर मौसम बदल सकता है।

बिजली गिरने और तेज गर्जना की चेतावनी
पूरे सप्ताह के लिए कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

गर्मी और उमस से राहत की उम्मीद
वीरवार को अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था। उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल किया, लेकिन अब तापमान में गिरावट की संभावना है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

नमी से राहत, मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होती रहेगी, जिससे नमी और गर्मी से राहत मिलेगी। शहरवासियों को अब मानसून के स्वागत के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।