चंडीगढ़ MC हाउस मीटिंग: गंदे पानी पर हंगामा, सीनियर डिप्टी मेयर बोले– अफसर फोन नहीं उठाते; कमिश्नर ने कहा– नाम बताओ, सस्पेंड करेंगे

12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  चंडीगढ़ नगर निगम में बुधवार को नए मेयर सौरभ जोशी की अध्यक्षता में सदन की 358वीं बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान जहां विपक्ष ने मेयर के सदन संचालन की तारीफ की, वहीं गंदे पानी की सप्लाई, कम पानी आने और गौ हत्या जैसे मुद्दों पर जमकर हंगामा देखने को मिला। पानी की समस्या को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के पार्षदों ने निगम अधिकारियों को घेरा।

कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत गाबी के साथ-साथ भाजपा के सीनियर डिप्टी मेयर जसमन और पार्षद मनोज सोनकर ने कहा कि यह समस्या किसी एक वार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के कई इलाकों में लोग दूषित पानी और पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।

सीनियर डिप्टी मेयर का आरोप— अफसर फोन नहीं उठाते
सदन में सीनियर डिप्टी मेयर जसमन ने कहा कि मोटर खराब होने या पानी की सप्लाई बाधित होने पर JE और SDO जैसे अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। इस पर नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आप नाम बताइए, तुरंत सस्पेंशन ऑर्डर निकाले जाएंगे।
कमिश्नर ने कहा, “आप अच्छे भी बने रहोगे और अफसरों के नाम भी नहीं बताओगे, ऐसे कैसे चलेगा? जिसने फोन नहीं उठाया, उसका नाम बताओ, उसे तुरंत बाहर किया जाएगा। फोन उठाना पड़ेगा।”

‘दूषित पानी से चंडीगढ़ को इंदौर बनाना बंद करो’ के नारे
बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षद पोस्टर लेकर वेल में पहुंचे और नारेबाजी की— “दूषित पानी से चंडीगढ़ को इंदौर बनाना बंद करो।” कांग्रेस पार्षदों ने दूषित पानी पीने से एक मासूम बच्चे की मौत का मुद्दा भी उठाया।
इस पर कमिश्नर ने कहा कि पानी की जांच कराई गई है और रिपोर्ट सामान्य आई है, फिर भी दोबारा सैंपल लेकर जांच की जा रही है। गाबी ने आरोप लगाया कि कई जगह पानी और सीवरेज की लाइन साथ-साथ होने से पाइप फूटने पर गंदा पानी घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोग बीमार हो रहे हैं।

मनोज सोनकर का तीखा बयान— हाउस चलाने की जरूरत क्या है?
भाजपा पार्षद मनोज सोनकर ने अपने वार्ड मौली जागरां में पानी की सप्लाई बाधित होने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि उन्हें यह कहते हुए शर्मिंदगी महसूस हो रही है कि लोग हफ्तों से पानी के लिए परेशान हैं और यहां उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
सोनकर ने कहा, “अगर लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता, तो इस हाउस को बंद कर देना चाहिए।” उन्होंने बताया कि वे पिछले तीन साल से यह मुद्दा उठा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। मेयर सौरभ जोशी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मौली जागरां में पानी की सप्लाई जल्द सुचारु की जाएगी।

गौ हत्या पर भी सदन में हंगामा
कांग्रेस पार्षदों ने गौ हत्या का मुद्दा उठाते हुए पोस्टर दिखाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। इस पर कमिश्नर अमित कुमार ने बताया कि हालिया घटना के बाद डीसी और अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच की और उसी दिन कार्रवाई की गई। गवर्नर के निर्देश पर चीफ सेक्रेटरी की निगरानी में निष्पक्ष जांच जारी है।

स्पेशल गौ कमेटी बनेगी
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि गाय हमारी माता है और इस मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। कमिश्नर ने बताया कि गौशालाओं में सुधार किए जा रहे हैं और जहां-जहां गौशालाएं ग्रिड शहर से बाहर हैं, वहां मंदिर भी बनाए जाएंगे।
मेयर ने ऐलान किया कि गायों की सुरक्षा और देखभाल के लिए एक स्पेशल गौ कमेटी बनाई जाएगी, जिसकी सिफारिशों पर कार्रवाई की जाएगी।