सारी रात जारी रहे राहत और बचाव कार्य
विभिन्न टीमों का गठन कर गाँवों के दौरे पर रहे अधिकारी।
जरूरत की हर सामग्री ज़रूरतमंदों तक पहुँचाने के लिए पंजाब सरकार की वचनबद्धता दोहराई गई।
गाँवों में पहुँचकर लोगों से मुलाकात की गई, उनका हौसला बढ़ाया गया।
आप वॉलंटियर, यूथ क्लब, समाजसेवी संगठन, कार सेवा वाले प्रशासन के कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे।
नंगल, 02 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी वर्षा, भाखड़ा डैम में लगातार बढ़ रहा पानी का स्तर और मैदानी इलाकों में हो रही बरसात के कारण नदियों-नहरों के किनारे बसे गाँवों के लोगों का हौसला बढ़ाने, उन्हें सही जानकारी देने और अफवाहों से बचने की सलाह देने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस, डिप्टी कमिश्नर वर्जीत वालिया और एस.एस.पी. गुलनीत खुराना की अगुवाई में पूरी रात राहत और बचाव कार्य जारी रहे। लोगों को प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की जानकारी दी गई।
विभिन्न टीमों का गठन कर लगातार दौरे कर रहे अधिकारियों ने अपनी टीमों के साथ ज़रूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुँचाई। कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने आम आदमी पार्टी के वॉलंटियरों, कार्यकर्ताओं, यूथ क्लबों, महिला मंडलों, समाजसेवी संगठनों और विशेष तौर पर कार सेवा वाले बाबा सतनाम सिंह जी की अगुवाई में काम कर रही टीमों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर पानी की अधिक मात्रा के कारण हुए डंगों के नुक़सान और नहरों व नदियों के किनारों पर आए रिसाव को रोककर सैकड़ों एकड़ फसल और आम लोगों की जान-माल की रक्षा करने में सफलता प्राप्त की है।
उन्होंने कहा कि पूरी रात इन टीमों ने काम करके लोगों का हौसला बढ़ाया है। चाहे कर्मचारी हों, प्रशासनिक अधिकारी या हमारे वॉलंटियर—हर किसी ने पूरी निष्ठा से मेहनत कर अब तक इलाका सुरक्षित किया है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन बहुत गंभीर हैं, क्योंकि भाखड़ा डैम में पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा है और बारिश भी जारी है। दाता जी से लगातार कृपा की अरदास कर रहे हैं, ईश्वर मेहर करेंगे और यह संकट की घड़ी टल जाएगी। हम लोगों की जान-माल की रक्षा करने में सफल हो जाएँगे।
उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर सहयोग देना चाहिए। मेरा अपना हेल्पलाइन नंबर 87279-62441 हर समय सक्रिय है। हमने लोगों से जो वादा किया था, उसे निभा रहे हैं। यह ऐसी घड़ी है जब राजनीति करने के बजाय हर किसी की मदद के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि डिप्टी कमिश्नर की अगुवाई में सभी एस.डी.एम. और उनका स्टाफ तथा एस.एस.पी. की अगुवाई में सभी डी.एस.पी. और पूरा पुलिस प्रशासन भी राहत कार्यों में लगा हुआ है। मेरी अपनी टीम भी ज़मीनी स्तर पर उतरी हुई है और दिन-रात मेहनत कर रही है।
उल्लेखनीय है कि कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस के निर्देशों के बाद सैकड़ों वॉलंटियर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ज़मीनी स्तर पर राहत कार्यों में लगे हुए हैं, जिनकी कमान आम आदमी पार्टी के नेता संभाल रहे हैं। विशेष रूप से नंगल के बेलों में डॉ. संजीव गौतम जिला प्रधान, भानुपली ज़ोन में दीपक सोनी मीडिया कोऑर्डिनेटर, कीरतपुर साहिब में कमिकर सिंह डाढ़ी, भरतगढ़ ज़ोन में जुंझार सिंह आसपुर, बिभौर साहिब क्षेत्र में चन्नण सिंह पम्मू ढिल्लो, भंगला ज़ोन में जसविंदर भंगला और श्री दिलीप हंस मौजूद हैं। इनके मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए गए हैं, जिनसे इलाके के ज़रूरतमंद लोग लगातार संपर्क कर रहे हैं।
इलाके के पंच-सरपंच भी इस समय मज़बूत भाईचारे की मिसाल पेश कर रहे हैं। अगले दो-तीन दिनों में स्थिति अनुकूल होने की संभावना है। सभी का सहयोग ज़रूरी है। अफवाहों पर भरोसा न करें।













