सर्राफा बाजार में लगातार गिरावट, चांदी ₹16,000 तक लुढ़की और सोना ₹3,400 हुआ सस्ता

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk:  सर्राफा बाजार में गिरावट का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज कमजोरी देखने को मिली। सोना करीब ₹3,400 सस्ता होकर ₹1.39 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास पहुंच गया, जबकि चांदी में ₹16,000 तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव ₹2.49 लाख प्रति किलो रह गया।

एमसीएक्स पर सोने की कीमत ₹3,415 टूटकर ₹1,38,800 प्रति 10 ग्राम पर आ गई, जो करीब 2.4 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाती है। वहीं, चांदी ₹15,939 की गिरावट के साथ ₹2.49 लाख प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी, जिसमें करीब छह प्रतिशत की कमजोरी दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। शुरुआती कारोबार में स्पॉट गोल्ड करीब चार प्रतिशत तक फिसला, जबकि चांदी में भी इसी स्तर के आसपास गिरावट रही। हालांकि, भारी बिकवाली के बाद चांदी 80 डॉलर प्रति औंस से ऊपर टिकने में सफल रही। इससे पहले सत्र में चांदी ने बीते दस वर्षों की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट दर्ज की थी।

विशेषज्ञों के मुताबिक, हालिया गिरावट की बड़ी वजह डॉलर में मजबूती मानी जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेड चेयर पद के लिए केविन वॉर्श के नाम की चर्चा के बाद डॉलर मजबूत हुआ, जिससे सुरक्षित निवेश के रूप में सोने-चांदी की मांग कमजोर पड़ी।

घरेलू बाजार की बात करें तो मुंबई में 24 कैरेट सोना करीब ₹1,47,970 प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है, जबकि दिल्ली में इसका भाव ₹1,47,720 और कोलकाता में ₹1,47,780 के आसपास है। दक्षिण भारत के शहरों में सोने की कीमतें सबसे ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं—चेन्नई में ₹1,48,400, हैदराबाद में ₹1,48,210 और बेंगलुरु में ₹1,48,090 प्रति 10 ग्राम।

चांदी के भाव भी प्रमुख शहरों में ऊंचे बने हुए हैं। मुंबई में चांदी ₹2,66,020 प्रति किलो, दिल्ली में ₹2,65,560, चेन्नई में ₹2,66,790, हैदराबाद में ₹2,66,440, बेंगलुरु में ₹2,66,230 और कोलकाता में करीब ₹2,65,660 प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।