13 June 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk : सेक्टर-49 स्थित गुडविल सोसाइटी में सुरक्षा के तमाम इंतजामों के बावजूद चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बंद गेट, चारदीवारी और लोहे के नुकीले एंगल लगे होने के बावजूद चोर सोसाइटी में घुसकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हालात इतने चिंताजनक हो गए हैं कि चोर अब तांबे की वायरें तक काटकर ले जा रहे हैं।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। एक निवासी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि गेट बंद रहने और सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी के बावजूद चोर आसानी से अंदर प्रवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तांबे की वायरें काटकर चोरी कर ली गईं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
निवासियों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय शातिर चोरों पर अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाई है। उनका मानना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
सोसाइटी के लोगों ने चंडीगढ़ प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल सोसाइटी स्तर पर चौकसी बढ़ाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि पुलिस की सक्रिय भूमिका भी जरूरी है।
फिलहाल सोसाइटी प्रबंधन ने गेट पर अतिरिक्त निगरानी और चौकसी बढ़ाने के लिए कुछ कदम उठाए हैं, लेकिन निवासियों का कहना है कि अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस को भी ठोस कार्रवाई करनी होगी।













