बॉक्स ऑफिस पर बॉर्डर 2 का परचम: कबीर सिंह और टाइगर 3 से आगे निकली सनी देओल की फिल्म, 11वें दिन भी दमदार कमाई

04 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ स्टारर वॉर ड्रामा फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म को रिलीज हुए 11 दिन पूरे हो चुके हैं और इसने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दूसरे रविवार को जबरदस्त उछाल के बाद सोमवार को कमाई में गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का कुल कलेक्शन मजबूत बना हुआ है।

11वें दिन की कमाई में आई गिरावट
बॉर्डर 2 ने 11वें दिन भारत में 6.52 करोड़ रुपये की कमाई की। इससे पहले दूसरे रविवार को फिल्म ने 24.22 करोड़ रुपये बटोरकर बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया था। पहले सोमवार को फिल्म ने जहां 59 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं दूसरे सोमवार को यह आंकड़ा करीब दस गुना कम रहा। इसके बावजूद फिल्म का 11 दिनों का कुल घरेलू कलेक्शन 308.41 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।

वर्ल्डवाइड 400 करोड़ की ओर बॉर्डर 2
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी तेजी से बढ़ रहा है। बॉर्डर 2 अब तक दुनिया भर में करीब 380.75 करोड़ रुपये कमा चुकी है और जल्द ही 400 करोड़ क्लब में एंट्री करने की ओर बढ़ रही है। सोमवार को हिंदी पट्टी में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 11.31 फीसदी दर्ज की गई।

मर्दानी 3 को करना पड़ रहा संघर्ष
वहीं, रानी मुखर्जी की फिल्म मर्दानी 3 बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है। सैकनिल्क के अनुसार, मर्दानी 3 ने चौथे दिन 2.12 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये जुटाए थे। सोमवार को फिल्म की हिंदी ऑक्यूपेंसी 11.17 फीसदी रही।

बॉर्डर 2 डे-वाइज बॉक्स ऑफिस कलेक्शन (भारत में)

  • डे 1: 32.10 करोड़

  • डे 2: 40.59 करोड़

  • डे 3: 57.20 करोड़

  • डे 4: 63.59 करोड़

  • डे 5: 23.31 करोड़

  • डे 6: 15.04 करोड़

  • डे 7: 13.14 करोड़

  • डे 8: 12.53 करोड़

  • डे 9: 20.17 करोड़

  • डे 10: 24.22 करोड़

  • डे 11: 6.52 करोड़

  • कुल: 301.89 करोड़ रुपये

बॉर्डर फ्रेंचाइजी का आगे का सफर
बॉर्डर 2 की बंपर सफलता के बीच फिल्म की पूरी टीम जश्न मना रही है। इसी बीच मेकर्स ने बॉर्डर 3 का भी ऐलान कर दिया है। प्रोड्यूसर भूषण कुमार और निधि दत्ता ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है, हालांकि रिलीज डेट का अभी इंतजार है।

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी, दिलजीत दोसांझ, मेधा राणा, सोनम बाजवा और अन्या सिंह अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि अक्षय खन्ना का कैमियो भी दर्शकों को खासा पसंद आ रहा है।