घर में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास करते हुए लोग
भिवानी के गांव अजीतपुरा निवासी किसान के घर शुक्रवार को अचानक आग लग गई। जिसके कारण उसके घर में रखा अनाज व काफी सामान जलकर राख हो गया। आग पर ग्रामीणों की मदद से काबू पाया। वहीं प्रशासन से मदद की गुहार लगाई।
।

आग लगने के बाद पड़ा जला हुआ सामान
गांव अजीतपुर निवासी किसान सोनू ने बताया कि शुक्रवार को वह घर पर था। इसी दौरान उसके घर के दूसरी तरफ बने एक कमरे में से धुआं उठता दिखाई दिया। जिसके बाद परिवारजनों ने आकर देखा तो घर के कमरे में आग लगी हुई थी। पीड़ित किसान सोनू ने बताया कि इसके बाद उन्होंने तुरंत प्रभाव से दमकल को फोन लगाया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते फोन नहीं लग पाया। जिसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी।
ग्रामीणों की मदद से उन्होंने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कमरे में रखी 10 बोरी बाजरा, ट्रैक्टर-ट्रॉली के दो नए टायर, कड़ी, साईकिल जलकर राख हो चुके थे। किसान सोनू ने बताया कि उस कमरे में दो ड्रम डीजल के रखे हुए थे तथा उस डीजल में किसी अज्ञात कारण से आग लग गई। जिसके कारण सारा सामान जल गया।

आग के बाद जला हुआ घर
प्रशासन से मांगी मदद सोनू ने कहा कि इस आग में उसे काफी नुकसान हुआ है। जिसका प्रभाव उनकी अगली फसल की बुवाई पर पड़ेगा। ऐसे में वे प्रशासन से मांग करते है कि इस आग से हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्हे मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।












