दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने भूतपूर्व सैनिकों का गर्मजोशी से स्वागत किया और सम्मान दिया
पंजाब में बठिंडा मिलिट्री स्टेशन के सलारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘गौरव सेनानी समारोह’ का आयोजन किया गया। इस दौरान बठिंडा और मानसा जिलों से करीब 5 हजार पूर्व सैनिक, वीर नारियां और वीर माताएं शामिल हुईं।
.
सप्त शक्ति कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने पूर्व सैनिकों की देश के प्रति निस्वार्थ सेवा की सराहना की। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार और सेना उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

पूर्व सैनिक के परिजनों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया
व्हीलचेयर और सिलाई मशीनों का वितरण
समारोह का मुख्य उद्देश्य सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करना था। इस दौरान कई कल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को चेक, व्हीलचेयर, सिलाई मशीनें, बाइक, साइकिल और चिकित्सा उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला आयुक्त के साथ रक्षा मंत्रालय के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें भारतीय सेना का पूर्व सैनिक निदेशालय, सेना कल्याण प्लेसमेंट संगठन, रक्षा पेंशन वितरण कार्यालय और पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के अधिकारी शामिल थे।

पूर्व सैनिक को सम्मानित करते सैन्य अफसर
पेंशन वितरण साफ्टवेयर की जानकारी दी
भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को विभिन्न लाभों और योजनाओं के बारे में शिक्षित करने के लिए बैंकों, राज्य सरकार और नागरिक प्रशासन द्वारा विभिन्न स्टॉल लगाए गए। उपस्थित लोगों को पेंशन वितरण सॉफ्टवेयर के बारे में तथा इसके उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।












