25 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
International Desk: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA ने फारसी भाषा में एक सार्वजनिक संदेश जारी कर ईरान के लोगों से सुरक्षित तरीके से संपर्क करने की अपील की है। इस कदम को ऐसे समय में बेहद संवेदनशील माना जा रहा है, जब वॉशिंगटन ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्पों पर विचार कर रहा है और परमाणु वार्ता के नए दौर की भी तैयारी चल रही है।
सीआईए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर पोस्ट साझा कर कहा कि एजेंसी “आपकी आवाज सुन रही है” और पहचान छिपाकर जानकारी साझा करने में मदद कर सकती है। संदेश में सुरक्षित वर्चुअल कॉल, वीपीएन के इस्तेमाल, निजी ब्राउजर, इंटरनेट हिस्ट्री मिटाने और डिस्पोजेबल डिवाइस के उपयोग जैसी सावधानियों का जिक्र किया गया है। इसके साथ ही आधिकारिक वेबसाइट और डार्कनेट के जरिए संपर्क के विकल्प भी बताए गए हैं।
यह पहल ऐसे वक्त पर आई है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर सख्त रुख अपनाए हुए हैं। हाल के महीनों में मध्य पूर्व में अमेरिका ने सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है, जबकि इस सप्ताह परमाणु वार्ता के एक और दौर का प्रस्ताव भी रखा गया है।
उधर, Iran के भीतर भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। Tehran सहित कई विश्वविद्यालयों में छात्रों के सरकार विरोधी प्रदर्शन सामने आए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे माहौल में बाहरी खुफिया एजेंसी का सीधा संपर्क ईरानी सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के मिशन की ओर से इस संदेश पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि जानकारों का कहना है कि एक तरफ परमाणु वार्ता की कोशिशें और दूसरी ओर खुफिया गतिविधियों की तीव्रता, दोनों मिलकर अमेरिका-ईरान रिश्तों में तनाव को और बढ़ा सकती हैं।













