13 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले के निधन से देशभर में शोक की लहर है। 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। सोमवार, 13 अप्रैल को उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया जारी है, जहां फैंस, सेलेब्स और परिवारजन नम आंखों से उन्हें विदाई दे रहे हैं।
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक उनके पार्थिव शरीर को ‘कासा ग्रांडे’ बिल्डिंग में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस दौरान सचिन तेंदुलकर समेत कई बड़ी हस्तियां भावुक नजर आईं। देवेंद्र फडणवीस ने भी पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं सिंगर पलक मुच्छल ने कहा कि आशा ताई का जाना संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
परिवार की ओर से उनके बेटे आनंद ने लोगों से अपील की है कि अंतिम दर्शन के लिए आएं, लेकिन अंतिम संस्कार के समय भीड़ कम रखें। सोशल मीडिया पर भी फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
आशा भोसले भले ही अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी मधुर आवाज और अमर गीत हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।











