27 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: मौसम बदलते ही जुकाम होना आम बात है और ज्यादातर लोग इसे हल्के में ले लेते हैं। लेकिन अगर आपको हर कुछ हफ्तों या हर महीने बार-बार जुकाम की शिकायत हो रही है, तो यह सामान्य नहीं माना जाता। बार-बार जुकाम होना किसी अंदरूनी बीमारी या शरीर की कमजोरी का संकेत हो सकता है। ऐसे में समय रहते कारण जानना और डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।
इस बारे में दिल्ली के मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज एंड एसोसिएट हॉस्पिटल्स के ईएनटी विभाग के एचओडी डॉ. रवि मेहर बताते हैं कि बार-बार जुकाम होना कई वजहों से हो सकता है और इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
एलर्जिक राइनाइटिस हो सकता है बड़ा कारण
डॉ. रवि मेहर के मुताबिक, बार-बार जुकाम होने का सबसे आम कारण एलर्जिक राइनाइटिस है। इसमें मरीज को लगातार छींक आना, नाक से पानी बहना, नाक में खुजली और जाम जैसी समस्याएं होती हैं। मौसम बदलने पर हवा में मौजूद धूल, परागकण और वायरस एक्टिव हो जाते हैं, जो एलर्जी को बढ़ा देते हैं। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।
साइनस की समस्या से भी हो सकता है जुकाम
बार-बार जुकाम होने के पीछे क्रॉनिक साइनसाइटिस भी एक बड़ी वजह हो सकती है। इस स्थिति में जुकाम लंबे समय तक बना रहता है और सिर भारी लगना, चेहरे में दर्द और नाक बंद रहने जैसी शिकायतें होती हैं। डॉ. रवि के अनुसार, साइनस की समस्या का इलाज दवाओं या जरूरत पड़ने पर सर्जरी से किया जा सकता है।
कमजोर इम्यूनिटी भी जिम्मेदार
अगर आपकी इम्यूनिटी कमजोर है, तो वायरस आसानी से शरीर पर हमला कर देते हैं। ऐसे में जुकाम बार-बार होना आम बात है। कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों को खानपान, नींद और लाइफस्टाइल पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है।
कब जुकाम बन सकता है गंभीर समस्या?
अगर जुकाम के साथ ये लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें:
2–3 हफ्तों से ज्यादा समय तक जुकाम बना रहना
सांस लेने में परेशानी होना
आवाज में लगातार बदलाव या भारीपन
बार-बार बुखार आना
बार-बार जुकाम से कैसे करें बचाव?
धूल और धुएं से खुद को बचाएं
ठंडा पानी और ठंडी चीजों से परहेज करें
मौसम बदलने पर अपनी सेहत का खास ख्याल रखें
धूम्रपान से दूरी बनाएं
इम्यूनिटी बढ़ाने वाली डाइट अपनाएं
अगर जुकाम बार-बार लौटकर आ रहा है, तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें। सही समय पर जांच और इलाज से बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।













