08 May 2026 Fact Recorder
National Desk: Mahua Moitra ने आरोप लगाया है कि IndiGo की कोलकाता-दिल्ली फ्लाइट में कुछ यात्रियों ने उनके खिलाफ और Mamata Banerjee तथा टीएमसी के खिलाफ नारेबाजी की। सांसद ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे “उत्पीड़न” और “फ्लाइट सुरक्षा का उल्लंघन” बताया।
महुआ मोइत्रा के अनुसार, वह रक्षा मामलों की संसदीय स्थायी समिति की बैठक में शामिल होने दिल्ली जा रही थीं और फ्लाइट 6E 719 में सीट 1F पर बैठी थीं। उन्होंने दावा किया कि 4-6 लोगों का एक समूह उन्हें लगातार घूरता रहा और फ्लाइट लैंड होने के बाद दरवाजे खुलने से ठीक पहले नारेबाजी करने लगा। सांसद ने नागरिक उड्डयन मंत्री Kinjarapu Ram Mohan Naidu से अपील की कि संबंधित लोगों को ‘नो-फ्लाई लिस्ट’ में डाला जाए।
महुआ मोइत्रा ने एयरलाइन से क्रू रिपोर्ट सार्वजनिक करने, आरोपियों की पहचान उजागर करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं विमान के अंदर यात्रियों, खासकर महिला जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं।
इस मामले पर Akhilesh Yadav ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह का व्यवहार “तुच्छ” और “निंदनीय” है। अखिलेश ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि भाजपा की “महिला विरोधी सोच” इस तरह की घटनाओं में दिखाई देती है और अगर किसी की बहन-बेटियों के साथ ऐसा व्यवहार हो तो लोगों को उसकी गंभीरता समझ आएगी।
फिलहाल इस घटना पर IndiGo या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।













