Amritsar Doctor Arrest Taking Bribe News Update | अमृतसर में डॉक्टर रिश्वत लेते गिरफ्तार: कोर्ट केस में गवाही के बदले 3.50 लाख रुपए मांगे, विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा – Amritsar News

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अमृतसर जिले के रईया के एक प्राइवेट होम्योपैथिक डॉक्टर को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। डॉ. अरविंद कुमार को तरनतारन में 3.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

.

यह कार्रवाई पटियाला जिले के पातड़ां निवासी अशोक कुमार की शिकायत पर की गई। डॉ. अरविंद ने पहले डॉ. सुमित सिंह की तरफ से 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। डॉ. सुमित वर्तमान में अमृतसर के मानावाला में सीनियर मेडिकल ऑफिसर हैं। बाद में रिश्वत की राशि घटाकर 3.50 लाख रुपए कर दी गई।

यह मामला पातड़ां थाने में दर्ज एक केस से जुड़ा है। एसएमओ राजेश कुमार की शिकायत पर अशोक कुमार और अन्य के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। डॉ. सुमित सिंह इस केस में मुख्य गवाह हैं। विजिलेंस ने डॉ. अरविंद को तरनतारन में ‘सरहदी लोकसेवा समिति’ के दफ्तर से गिरफ्तार किया।

दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में उन्हें रिश्वत लेते पकड़ा गया। ऑडियो रिकॉर्डिंग में रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई है। आरोपी के खिलाफ मोहाली स्थित विजिलेंस ब्यूरो पुलिस स्टेशन में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। जांच में डॉ. सुमित सिंह और अन्य संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।