30 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार देर रात दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंचे। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के विशेष विमान से वह रात करीब 12 बजे डिब्रूगढ़ के मोहनबाड़ी स्थित डॉ. भूपेन हजारिका एयरपोर्ट पर उतरे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
अपने दौरे के दौरान अमित शाह शनिवार को डिब्रूगढ़ में प्रस्तावित असम विधानसभा के नए भवन और वाइल्डलाइफ रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखेंगे। नया विधानसभा परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जबकि वाइल्डलाइफ रिसर्च इंस्टीट्यूट असम की समृद्ध जैव विविधता पर वैज्ञानिक शोध, संरक्षण और सुरक्षा में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके अलावा गृह मंत्री दक्षिणी असम में खेल ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से खानिकर स्टेडियम परियोजना के पहले चरण का उद्घाटन भी करेंगे। यह कार्यक्रम डिब्रूगढ़ के खानिकर क्षेत्र में आयोजित होगा।
इसके बाद अमित शाह धेमाजी जिले के चापोरी में आयोजित 10वें मिसिंग सांस्कृतिक महोत्सव में भाग लेंगे। यह उत्सव मिसिंग समुदाय द्वारा हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें पारंपरिक नृत्य, संगीत, कला, परिधान और स्थानीय व्यंजनों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाता है।
शाम को गृह मंत्री गुवाहाटी के लिए रवाना होंगे, जहां वह भाजपा के राज्य मुख्यालय पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक मुद्दों, आगामी चुनावी रणनीति और राज्य में पार्टी की जमीनी पकड़ को मजबूत करने पर चर्चा होने की संभावना है।
गौरतलब है कि असम में इस वर्ष विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा भी लगातार चुनावी मोड में नजर आ रहे हैं और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे को लेकर विपक्षी कांग्रेस पर लगातार हमलावर हैं।













