02 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: राजधानी में आज नारी सशक्तिकरण को लेकर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। Indira Gandhi Indoor Stadium में होने वाले ‘सशक्त नारी, समृद्ध दिल्ली’ कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू महिलाओं और बेटियों को होली से पहले विशेष सौगात देंगी। इसी मंच से दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कई नई योजनाओं की शुरुआत करेंगी।
1. दिल्ली लखपति बिटिया योजना
पुरानी लाडली योजना का विस्तारित रूप ‘दिल्ली लखपति बिटिया योजना’ के तहत बालिका के नाम विभिन्न चरणों में कुल 56,000 रुपये जमा किए जाएंगे। 21 वर्ष की आयु तक ब्याज सहित यह राशि एक लाख रुपये से अधिक होने की उम्मीद है।
पात्रता: परिवार की वार्षिक आय 1.20 लाख रुपये से कम, पिछले तीन साल से दिल्ली निवासी, जन्म दिल्ली में हुआ हो।
लाभ: प्रति परिवार दो बेटियों को।
राशि उच्च शिक्षा (स्नातक/डिप्लोमा) पूरी करने की शर्त पर मिलेगी।
पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी और राशि सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर होगी।
2. मेरी पूंजी, मेरा अधिकार (लाडली परिपक्वता भुगतान)
करीब 40,642 लाभार्थियों को 100.25 करोड़ रुपये की लंबित परिपक्वता राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे खातों में दी जाएगी। सरकार का कहना है कि इससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और बेटियों को सीधा लाभ मिलेगा।
3. दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर योजना
होली और दिवाली पर राशन कार्ड धारक परिवारों को साल में दो मुफ्त एलपीजी सिलेंडर दिए जाएंगे।
लगभग 15.50 लाख परिवारों को लाभ।
सिलेंडर की कीमत के बराबर राशि आधार-लिंक्ड खाते में डीबीटी के जरिए भेजी जाएगी।
4. पिंक कार्ड – महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
दिल्ली निवासी महिलाओं को डीटीसी बसों में मुफ्त यात्रा के लिए एनसीएमसी आधारित पिंक कार्ड जारी किया जाएगा।
एक ही कार्ड से मेट्रो और आरआरटीएस में सशुल्क यात्रा संभव होगी।
करीब 50 केंद्रों पर कार्ड बनाए जाएंगे।
आधार और मोबाइल से लिंक होने के कारण डुप्लिकेशन पर रोक लगेगी।
सरकार का दावा है कि ये योजनाएं महिलाओं और बेटियों को आर्थिक व सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित होंगी।













