Panchkula Police Arrests Second Accused Bike Theft Update | पंचकूला में गाड़ियां चुराने वाला गिरफ्तार: चोरी की 16 बाइक बरामद, एक पहले पकड़ा; पार्ट्स अलग-अलग कबाड़ियों को बेचते थे – Panchkula News

पुलिस की गिरफ्त में बरामद सामान के साथ दोनों आरोपी गुरविंदर और प्रदीप।

पंचकूला पुलिस ने लंबे समय से सक्रिय बाइक चोरी के एक गिरोह के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की 16 बाइक बरामद की गई हैं। एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी से पूछताछ में दूसरे आरोपी के बारे में पता चला।

पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य के निर्देश पर शहर में विशेष गश्त की जा रही थी। 17 मार्च को सेक्टर-11 में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने पहले आरोपी गुरविंदर को पकड़ा। पूछताछ में उसने दूसरे आरोपी के बारे में जानकारी दी।

ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे से गिरफ्तार

सेक्टर-11 पुलिस चौकी के सब-इंस्पेक्टर गुरपाल सिंह की टीम ने 18 मार्च को दूसरे आरोपी प्रदीप को ताऊ देवी लाल स्टेडियम के पीछे से गिरफ्तार किया। प्रदीप पंजाब के डेरा बस्सी के गांव बरैली का रहने वाला है।

कबाडिय़ों को बेचता था बाइक के पार्ट्स

जांच में पता चला कि गुरविंदर बाइक चोरी करता था। प्रदीप चोरी की बाइक के टायर, रिम और अन्य पार्ट्स निकालकर कबाड़ियों को बेचता था। पकड़े जाने से बचने के लिए दोनों हर बार अलग-अलग कबाड़ियों से संपर्क करते थे।

चोरी की गई 16 बाइक की सूची

आरोपियों के खिलाफ पंचकूला और जीरकपुर थानों में कुल 16 मामले दर्ज थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत को पूरा करने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने बरामद किया चोरी का सामान

पुलिस ने 16 बाइक, 2 नकली चाबियां, एक औजार बरामद किया। डीसीपी हिमाद्रि कौशिक ने बताया कि शहर में बाइक चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा सभी व्यस्त इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।