Jind CIA Staff Arrests Two Youth Charas Seizure Case | उचाना में 1.22 किलो चरस समेत दो पकड़े: डिलीवरी करने जा रहे थे करीब डेढ़ लाख का नशा, बाइक पर थे युवक – Uchana News

जींद के उचाना में सीआईए स्टाफ ने बुधवार को दो युवकों को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से एक किलो 22 ग्राम चरस बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चरस की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए आंकी गई है।

गुप्त सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ ने गांव खापड़ के पास नाकेबंदी की थी। सूचना थी कि दो युवक बाइक पर नशीले पदार्थ लेकर उचाना कलां से खापड़ रोड की तरफ आएंगे। पुलिस ने रजवाहा पटरी से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की।

बाइक पर सवार दो युवकों को रोका

जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोका गया। तलाशी में पीछे बैठे युवक के पास से चरस बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि पीछे बैठा युवक दनौदा खुर्द का सुमित उर्फ कोकी है। बाइक चला रहा युवक दनौदा कलां का रमन है।

चरस की डिलीवरी करने जा रहे थे

उचाना थाने के जांच अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी चरस की डिलीवरी करने गांव खापड़ जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है।