लोक निर्माण विभाग की टीम मलबा हटाने में जुटी।
शिमला जिले में रामपुर-रोहडु मार्ग पर चौका नाला के पास पिछले पांच दिनों से यातायात पूरी तरह ठप है। शुक्रवार रात को पहाड़ी दरकने से सड़क पर भारी मलबा और चट्टानें आ गिरी हैं। लोक निर्माण विभाग की टीम मलबा हटाने में जुटी है।
पांच दिन बीतने के बाद भी सड़क बहाल नहीं हो पाई है। यह मार्ग रोहडु, बाहली और नरैंण पंचायत को जोड़ने वाली एकमात्र सड़क है। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों को रामपुर पहुंचने में तीन से पांच घंटे अतिरिक्त लग रहे हैं। इस मार्ग पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है।
नरैंण पंचायत के प्रधान शिवराम और उप प्रधान अनिनाश कायथ ने विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विभाग आम लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहा है। स्थानीय निवासियों ने सड़क बहाली के लिए अतिरिक्त मशीनरी लगाने की मांग की है। यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य साधन है।