![]()
पलवल में नवविवाहिता की हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है। पति ने दहेज के लिए युवती से शादी की थी। युवती ने मायके में उसकी जान को खतरा होने की बात बताई थी। पुलिस ने पिता की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया था।
।
जानकारी के अनुसार मामला मिंडकोला गांव का है। पीड़िता के पिता महेंद्र ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सपना की शादी एक मार्च 2025 को होडल के अंधूआ पट्टी के रहने वाले हरीश के साथ की थी। शादी में उन्होंने दहेज में 20 लाख 22 हजार रुपए RTGS और चेक के जरिए दिए थे। इसके अलावा लगन और सगाई में भी पूरा दहेज दिया गया था।
दूसरी लड़की से प्यार करता था पति
शादी के बाद जब हरीश अपनी पत्नी सपना को उसके मायके लेकर आया, तो सपना ने अपनी मां को बताया कि पति उसे प्रताड़ित करता है। हरीश ने यह भी कहा कि वह किसी दूसरी लड़की से प्यार करता है और सिर्फ दहेज के लिए शादी की थी।
आखिरी बार मां से हुई थी बात
सात मार्च को सपना का अपनी मां के पास आखिरी फोन आया था। रोते हुए उसने बताया कि ससुराल वाले उसे जान से मारना चाहते हैं। इसके बाद पति और ससुर ने उसे फांसी लगाकर मार दिया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति हरीश और ससुर होशियार के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ससुर की तलाश जारी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने दहेज सामान की बरामदगी के लिए आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के बाद अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












