17 March 2025: Fact Recorder
Orry Booked By J-K Police: सोशल मीडिया पर अपने लुक्स और पार्टी के लिए मशहूर ओरी अब नई मुसीबत में पड़ गए हैं। दरअसल ओरी के खिलाफ माता वैष्णो देवी मंदिर में शराब पीकर जाने का आरोप लगा है।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया स्टार ओरहन अवात्रमानी, जिन्हें ओरी के नाम से जाना जाता है उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। इसके अलावा सात और लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इन लोगों ने कटरा स्थित एक होटल में माता वैष्णो देवी के मंदिर के नजदीक शराब का सेवन किया। इन आरोपियों में एक रूसी नागरिक, अनास्तासिला अर्मासकिना भी शामिल हैं, जो ओरी और उनके दोस्तों के साथ कटरा आई थीं।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कटरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की है, जिसमें ओरहन अवात्रमानी, दर्शन सिंह, पार्थ रैना, रितिक सिंह, राशी दत्ता, रक्षिता भोगल, शगुन कोहली और अनास्तासिला अर्मासकिना को धार्मिक भावनाओं को आहत करने और जिला मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन करने के आरोप में बुक किया गया है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है।












