Home Business किसानों का अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन

किसानों का अल्टीमेटम, मांग पूरी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन

पलवल: 27 Nov 2026 Fact Recorder

National Desk :    गन्ने का समर्थन मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा पलवल ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी मांग को लेकर आगामी 30 नवंबर को बामनीखेड़ा गांव स्थित चीनी मिल परिसर में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी।

यह फैसला जाट धर्मशाला में हुई किसान नेताओं की बैठक में लिया गया। बैठक के बाद किसान नेताओं ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत, कृषि सब्सिडी में कटौती और बेमौसम बारिश के कारण गन्ना उत्पादक किसान गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।

गन्ने की कीमत में 15 रुपये की बढ़ोतरी नाकाफी

किसान नेताओं ने कहा कि बाजार में चीनी की कीमतों में काफी बढ़ोतरी हुई है, लेकिन किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से गन्ने के भाव में की गई 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक बताते हुए खारिज कर दिया।

किसानों ने पड़ोसी राज्यों का हवाला देते हुए गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि संयुक्त किसान मोर्चा के नेतृत्व में लगातार आंदोलन होने के बावजूद केंद्र और राज्य सरकारें किसानों की मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही हैं।

चीनी मिल पर भी उठाए सवाल

किसान नेताओं ने पलवल शुगर मिल की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन के कारण मिल का घाटा 500 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जबकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य देने के लिए सरकार के पास धन नहीं है।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।