Home Chandigarh भावांतर भरपाई योजना के तहत रबी फसलों का पंजीकरण और भौतिक सत्यापन...

भावांतर भरपाई योजना के तहत रबी फसलों का पंजीकरण और भौतिक सत्यापन जरूरी

चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026 Fact Recorder

Chandigarh Desk   –   हरियाणा सरकार द्वारा लागू की गई “भावान्तर भरपाई योजना” का लाभ लेने के लिए पोर्टल पर पहले फ़सल का पंजीकरण करवाना और उसके बाद उसका भौतिक सत्यापन करवाना आवश्यक है।

उद्यान विभाग के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने भावांतर भरपाई योजना को लेकर किसानों के लिए जरूरी सूचना जारी की है। इस सूचना के अनुसार, ‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर बिजाई के समय के अनुसार आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर और किन्नू जैसी रबी फसलों का पंजीकरण जारी है।

उन्होंने बताया कि भावांतर भरपाई योजना का लाभ लेने वाले किसानों के लिए पोर्टल पर पंजीकरण करवाने के बाद फसलों के क्षेत्र का भौतिक सत्यापन करवाना आवश्यक है। इसके लिए किसानों को निर्धारित प्रोफार्मा भरकर बागवानी विभाग के ब्लॉक अथवा जिला कार्यालय में जमा करवाना होगा। भौतिक सत्यापन के आवेदन का प्रारूप बागवानी विभाग की वेबसाइट hortharyana.gov.in के साथ-साथ विभाग के ब्लॉक और जिला कार्यालयों में भी उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि अधिक या विस्तृत जानकारी के लिए किसान अपने जिले के जिला उद्यान अधिकारी, उद्यान विकास अधिकारी, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी या मार्केटिंग बोर्ड से संपर्क कर सकते हैं।