चंडीगढ़, 20 नवंबर 2026 Fact Recorder
Chandigarh Desk — जर्मनी के राइनिशे होखशुले, कोलोन (यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज) के साथ हुई उच्च-स्तरीय वार्ता के बाद जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद (हरियाणा) के विद्यार्थियों को अब जर्मनी में आठवें सेमेस्टर की इंटर्नशिप, अनूठे ‘वर्क-स्टडी मास्टर्स मॉडल’ और संकाय-छात्र आदान-प्रदान कार्यक्रमों का सीधा लाभ मिलने जा रहा है।
इस दौरे के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अजय रँगा और प्रो. संजीव गोयल (मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग एवं प्रभारी, आईपीआर, इनोवेशन एवं इनक्यूबेशन प्रभाग) के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने आरएच कोलोन के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया। इस बैठक में आरएच कोलोन की ओर से प्रो. डॉ. थॉमस बार्थ (वाईस प्रेजिडेंट, पोर्टफोलियो एवं अंतर्राष्ट्रीयकरण तथा कार्यक्रम प्रमुख, बी.एससी. बिजनेस इंफॉर्मेटिक्स), प्रो. डॉ. अलेक्जेंडर पोलाक (प्रमुख, इंजीनियरिंग संकाय) और व्याख्याता डेनियल फेनिग (एम.इंजी.) शामिल हुए।
यह बैठक विश्वविद्यालय के ‘यूरोपियन एकेडमिक आउटरीच – 2026’ अभियान में एक अहम हिस्सा है। इससे पहले प्रतिनिधिमंडल ने रोमानिया की टेक्निकल यूनिवर्सिटी ऑफ क्लुज-नेपोका और हंगरी की स्ज़ेचेनी इस्तवान यूनिवर्सिटी (ग्योर) के साथ भी रणनीतिक शैक्षणिक संवाद किया है।
वर्ष 1969 में उद्योग-उन्मुख तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से एक इंडो-जर्मन परियोजना के रूप में स्थापित जे.सी. बोस विश्वविद्यालय अपनी जर्मन उत्कृष्टता की विरासत को निरंतर समृद्ध कर रहा है। कोलोन के औद्योगिक क्षेत्र में व्यावहारिक कार्य अनुभव के साथ कक्षा शिक्षण को जोड़ने के लिए प्रसिद्ध प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एप्लाइड साइंसेज ‘आरएच कोलोन’ के साथ यह साझेदारी विश्वविद्यालय के रोजगार-परक शिक्षा के मूल सिद्धांतों के अनुरूप है।
शैक्षणिक संवाद के प्रमुख बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए दोनों संस्थानों ने फरवरी 2027 से जे.सी. बोस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को उनके आठवें सेमेस्टर के दौरान एक से तीन महीने की इंटर्नशिप के लिए आरएच कोलोन आमंत्रित करने पर सैद्धांतिक सहमति व्यक्त की है। इससे विद्यार्थियों को जर्मन शैक्षणिक परिवेश और औद्योगिक कार्यप्रणाली का सीधा अनुभव प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त, कोलोन में चल रहे ‘वर्क-स्टडी मास्टर्स’ मॉडल पर भी चर्चा की गई, जिसके तहत विद्यार्थी सोमवार से गुरुवार तक आरएच कोलोन के सहयोग से साझेदार कंपनियों में कार्य करते है और शुक्रवार व शनिवार को विश्वविद्यालय में मास्टर्स की कक्षाएं लगते है। यह व्यवस्था विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय डिग्री के साथ-साथ व्यावसायिक अनुभव अर्जित करने में सक्षम बनाएगी। बैठक में पारस्परिक हित के क्षेत्रों में छात्र एवं संकाय गतिशीलता, संयुक्त अनुसंधान पहल और सहयोगात्मक शैक्षणिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
यूरोपीय दौरे की प्रगति की सराहना करते हुए कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि जे.सी. बोस विश्वविद्यालय पांच दशक से भी अधिक समय पहले इंडो-जर्मन सहयोग से उपजी गौरवशाली विरासत का वाहक है। उन्होंने कहा कि रोमानिया और हंगरी में हालिया संवाद के साथ-साथ राइनिशे होखशुले कोलोन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ जुड़ना विश्वविद्यालय की स्थापना के मूल विजन को सार्थक करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जर्मनी में अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रहे प्रतिनिधिमंडल के ये प्रयास और व्यावहारिक शैक्षणिक मार्ग विद्यार्थियों को वैश्विक कार्यस्थलों के लिए सशक्त बनाएंगे।
कुलसचिव प्रो. अजय रँगा ने प्रस्तावित मॉडल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अध्ययन, इंटर्नशिप और वास्तविक औद्योगिक अनुभव का समन्वय करने वाला मार्ग आज के विद्यार्थियों की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जर्मनी में विश्वविद्यालय के यूरोपीय शैक्षणिक आउटरीच का सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना हमारे अंतर्राष्ट्रीयकरण के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम है और औपचारिकताओं के पूर्ण होते ही यह साझेदारी युवाओं के लिए परिवर्तनकारी अवसर खोलेगी।
प्रो. संजीव गोयल ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल आरएच कोलोन के मजबूत औद्योगिक जुड़ाव से अत्यंत प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि आठवें सेमेस्टर की इंटर्नशिप और वर्क-स्टडी मास्टर्स मॉडल दोनों ही विद्यार्थियों को व्यापक वैश्विक अनुभव और व्यावहारिक विशेषज्ञता प्रदान करेंगे, और विश्वविद्यालय इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए तत्पर है।पात्रता, शुल्क संरचना, क्रेडिट मान्यता और कार्यक्रम की रूपरेखा से संबंधित विस्तृत नियम आगामी महीनों में अंतिम रूप दिए जाएंगे, जिसके पश्चात दोनों संस्थानों की वैधानिक स्वीकृति के बाद औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।











