Home Hindi दिल्ली मेट्रो में सरकार विरोधी पोस्टर मिलने से मचा हड़कंप, अज्ञात लोगों...

दिल्ली मेट्रो में सरकार विरोधी पोस्टर मिलने से मचा हड़कंप, अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

October 24,2026 Fact Recorder

National Desk: दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पोस्टरों को जब्त कर लिया है, जबकि स्पेशल सेल भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

पोस्टरों पर लिखे थे विरोध से जुड़े नारे

जानकारी के मुताबिक, मेट्रो ट्रेन के अंदर सीट पर दो A4 साइज के ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टर चिपके हुए मिले। इन पोस्टरों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान देश में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे किए गए थे। साथ ही, लोगों को एक ऑनलाइन ग्रुप से जोड़ने के लिए QR कोड भी दिया गया था।

पोस्टरों पर “आप अपना जीवन खुद बदल सकते हैं”, “वोटिंग के जरिए विरोध”, “जुड़ाव के अलग-अलग रूप” और “क्या आप असंतुष्ट हैं? आप अकेले नहीं हैं” जैसे संदेश लिखे हुए थे।

20 अक्टूबर को सामने आया मामला

FIR के अनुसार, यह घटना 20 अक्टूबर को सामने आई थी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी ने ड्यूटी के दौरान ट्रेन में इन पोस्टरों को देखा। वह शाम करीब 6:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से यशोभूमि स्टेशन के लिए रवाना हुए थे और ट्रेन लगभग 7:15 बजे अपने गंतव्य पर पहुंची।

अधिकारियों के निर्देश पर ट्रेन ऑपरेटर ने पोस्टर द्वारका सेक्टर-21 के स्टेशन कंट्रोलर को सौंप दिए। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।

दो कानूनों के तहत दर्ज हुई FIR

पुलिस ने इस मामले में दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007 और मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत FIR दर्ज की है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्टर ट्रेन के अंदर किसने लगाए और इसके पीछे किसका हाथ है। मामले की जांच जारी है।