मंडी, 06 अक्टूबर 2026 Fact Recorder
National Desk : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी द्वारा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से ग्रसित, बेसहारा एवं सार्वजनिक स्थलों पर रहने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष जागरूकता एवं सहायता अभियान शुरू किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी के सचिव एवं सीनियर सिविल जज विवेक कायस्थ ने आज यहां बताया कि यह अभियान 07 अक्टूबर, 2026 से 09 अक्टूबर, 2026 तक जिला भर में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करना तथा उन्हें उपचार एवं पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर उनकी परिस्थितियों के अनुसार चिकित्सकीय परीक्षण, उपचार, परामर्श तथा पुनर्वास की व्यवस्था संबंधित विभागों के समन्वय से सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर मानसिक रोगियों को राज्य के विशेष मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में भी उपचार के लिए भेजा जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया है। साथ ही जिला के पैरा लीगल वालंटियर्स को भी ऐसे जरूरतमंद व्यक्तियों की पहचान कर उनकी सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई ऐसा व्यक्ति दिखाई दे जो मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता, उपचार अथवा पुनर्वास का आवश्यकता–मंद प्रतीत होता हो, तो इसकी सूचना निकटतम पुलिस थाना, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें, ताकि उसे समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। प्राधिकरण ने सभी नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग का भी आग्रह किया है।













