Home Hindi CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन

नई दिल्ली: 06 Oct 2026 Fact Recorder

National Desk :   वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विपक्षी सांसदों ने उनके इस्तीफे की मांग को लेकर चुनाव आयोग के कार्यालय तक मार्च निकाला। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हाथों में तिरंगा लेकर बैरिकेड पर चढ़ते हुए भी देखा गया। बाद में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। विपक्षी सांसदों ने CEC के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाए।

पुलिस ने रोका मार्च

चुनाव आयोग के मुख्यालय की ओर बढ़ रहे इंडी गठबंधन के मार्च को सुरक्षा बलों ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर और चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

प्रदर्शनकारियों के हाथों में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संदेश लिखे पोस्टर और कटआउट भी नजर आए। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए हैं और आने-जाने वाले लोगों तथा वाहनों पर नजर रखी जा रही है।

विपक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने CEC ज्ञानेश कुमार पर भरोसा नहीं होने की बात कही। वहीं, सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि अगर बड़े पैमाने पर मतदाताओं के वोट हटाए जाते हैं, तो लोकतंत्र का कोई मतलब नहीं रह जाता।

कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने प्रदर्शन को लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बताया। सपा सांसद इकरा हसन ने भी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को दोहराया।

विपक्षी दल वोटर लिस्ट में कथित बदलावों की जांच और CEC ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। वहीं, प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।