Home Himachal कुल्लू में 7 दिन से फंसे 23 पर्यटक, न घर लौट पा...

कुल्लू में 7 दिन से फंसे 23 पर्यटक, न घर लौट पा रहे न आगे बढ़ने का रास्ता; सुरंग लीकेज के बाद सड़क बंद

September 25 ,2026 Fact Recorder

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के भटकांडा में सड़क बंद होने के कारण 23 पर्यटक पिछले सात दिनों से फंसे हुए हैं। पार्वती जल विद्युत परियोजना चरण-दो के एडिट-5 में सुरंग लीकेज के बाद सड़क पर मलबा आने से मार्ग बंद हो गया था। 19 सितंबर से बंद सड़क अब तक बहाल नहीं हो सकी है।

हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जयपुर, असम और तमिलनाडु से आए ये पर्यटक 18 सितंबर को भटकांडा घूमने और बच्चों का जन्मदिन मनाने पहुंचे थे। लेकिन अगले ही दिन सुरंग लीकेज के बाद रास्ता बंद हो गया, जिसके चलते उनकी पूरी यात्रा प्रभावित हो गई।

प्रभावित परिवारों के विरोध से सड़क बहाली अटकी

स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और सुरंग लीकेज से प्रभावित परिवारों के विरोध के कारण सड़क बहाली का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। प्रभावित परिवारों की मांग है कि पहले नुकसान का उचित आकलन किया जाए और लिखित समझौता हो, इसके बाद ही सड़क खोलने की अनुमति दी जाएगी।

यात्रा का बजट बिगड़ा, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित

भटकांडा के वंश ग्रीन व्यू और रैबिट होमस्टे में ठहरे पर्यटक अब लंबे इंतजार से परेशान हैं। जयपुर से आए भानु प्रताप ने बताया कि वह सात दिनों से सड़क खुलने का इंतजार कर रहे हैं। उनके वाहन भी वहीं फंसे हुए हैं। लंबे समय तक रुकने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और यात्रा का बजट भी बिगड़ गया है।

फंसे पर्यटकों में जयपुर के भानु प्रताप और तुषार, सहारनपुर के रिदम गुप्ता व माधव गुप्ता, तमिलनाडु के कुलोथुंगन और असम के ऋषिकेश समेत अन्य लोग शामिल हैं।

वाहन होमस्टे में छोड़कर टैक्सी से लौटने की तैयारी

वंश ग्रीन व्यू होमस्टे के संचालक लिखित राम के मुताबिक, अगर वीरवार शाम तक सड़क बहाल नहीं हुई तो आठ पर्यटक अपनी गाड़ियां होमस्टे में छोड़कर टैक्सी से वापस घर जाएंगे। पर्यटकों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई और जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए अब उनके पास वापस लौटने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

चार बुकिंग रद्द, होमस्टे कारोबार को करीब 2 लाख का नुकसान

रैबिट होमस्टे के संचालक बलमकुंद ने बताया कि उनके यहां 12 पर्यटक अभी भी फंसे हुए हैं। सड़क बंद होने के कारण चार पर्यटक समूह अपनी बुकिंग रद्द कर चुके हैं। इससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान होने का दावा किया गया है। मार्ग बंद होने से नए पर्यटक भी भटकांडा आने से बच रहे हैं।

तीन पर्यटक टैक्सी से दिल्ली लौटे

स्काई माउंट कॉटेज के संचालक छपे राम ने बताया कि दिल्ली से आए तीन पर्यटक सड़क नहीं खुलने के कारण वीरवार को टैक्सी से वापस लौट गए। सड़क बंद होने का असर पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय होमस्टे, होटल और अन्य कारोबारियों पर भी पड़ रहा है।

स्थानीय कारोबारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क बहाल करवाने की मांग की है, ताकि फंसे पर्यटक अपने घर लौट सकें और पर्यटन गतिविधियां दोबारा सामान्य हो सकें।