Home Hindi श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचा रही...

श्री गुरु रविदास महाराज जी की महान शिक्षाओं को घर-घर पहुंचा रही पंजाब सरकार : विधायक बलकार सिंह

रंधावा मसंदा में ड्रोन शो की सफल प्रस्तुति
श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और महान दर्शन को दर्शाते दृश्य प्रस्तुत
करतारपुर (जालंधर), 11 सितंबर 2026 Fact Recorder
Punjab Desk:  श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश भर में करवाए जा रहे विशेष समारोहों की श्रृंखला के तहत बृहस्पतिवार शाम को गांव रंधावा मसंदा में शानदार ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस दौरान रात को आसमान में एक साथ उड़ते 500 ड्रोनों के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन, बाणी, विचारधारा और महान दर्शन को दर्शाते दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक करतारपुर बलकार सिंह अपनी धर्मपत्नी हरप्रीत कौर सहित उपस्थित हुए। इस मौके पर बहन संतोष जी तथा संत बाबा निर्मल दास जी भी शामिल हुए।
इस अवसर पर संबोधन देते हुए विधायक करतारपुर बलकार सिंह ने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी ने समस्त मानवता को समानता, भाईचारे, मेहनत, सच्चे आचरण और साझेदारी का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवा पीढ़ी को गुरु जी की महान शिक्षाओं से जोड़ने के लिए यह अनूठा प्रयास किया गया है।
विधायक ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा और बड़े पैमाने पर मनाने के लिए विभिन्न समारोह करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समारोहों का उद्देश्य गुरु जी के महान विचारों और मानवता की भलाई के लिए दिए गए संदेशों को हर वर्ग के लोगों, विशेषकर नई पीढ़ी तक आधुनिक और प्रभावशाली तरीके से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी की सनातन शिक्षाओं और दिव्य संदेशों के प्रति श्रद्धा व सम्मान अर्पित करते हुए पंजाब सरकार द्वारा डेरा सच्चखंड बल्लां के निकट 10.4 एकड़ क्षेत्र में ‘श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र’ की स्थापना की जा रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में 92 ड्रोन शो करवाए जा रहे हैं, जिनमें डिजिटल तकनीक के माध्यम से गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को रात के समय आसमान में जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने इस अवसर पर लोगों, विशेषकर युवाओं को समतावादी समाज की रचना के लिए श्री गुरु रविदास महाराज जी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान भी किया।
इससे पहले भाई जसबीर सिंह जालंधर वाले के जत्थे ने शब्द कीर्तन से संगत को निहाल किया।
इस अवसर पर मार्किट कमेटी जालंधर के चेयरमैन गुरपाल सिंह, एस.डी.एम. जालंधर-2 शायरी मलहोत्रा, बी.डी.पी.ओ. सेवा सिंह तथा अन्य भी मौजूद थे।