Home Hindi अरविंद केजरीवाल फिर बने AAP के राष्ट्रीय संयोजक, 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय...

अरविंद केजरीवाल फिर बने AAP के राष्ट्रीय संयोजक, 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन

September 10,2026 Fact Recorder

National Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) की 15वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अरविंद केजरीवाल को सर्वसम्मति से एक बार फिर पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक चुन लिया गया। बुधवार को आयोजित इस बैठक में पार्टी के करीब 330 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान 23 सदस्यीय नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।

राष्ट्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता स्वयं अरविंद केजरीवाल ने की। सदस्यों ने सर्वसम्मति से उन्हें दोबारा राष्ट्रीय संयोजक चुना। बैठक में पार्टी के संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी राजनीतिक रणनीति और विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

पंकज गुप्ता बने राष्ट्रीय सचिव, एनडी गुप्ता कोषाध्यक्ष

नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एनडी गुप्ता पहले की तरह पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बने रहेंगे। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर सदस्यों का मार्गदर्शन किया।

23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में ये नेता शामिल

AAP की नई 23 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अरविंद केजरीवाल, आतिशी, आदिल अहमद खान, अनुराग ढांडा, भगवंत मान, दिलीप पांडेय, दुर्गेश पाठक, गोपाल इटालिया, गोपाल राय, रानी अग्रवाल, हरपाल सिंह चीमा, मनीष सिसोदिया, मोहम्मद इरशाद, एन.डी. गुप्ता, पंकज गुप्ता, प्रीति शर्मा मेनन, पृथ्वी रेड्डी, राखी बिड़ला, विभव, संजय सिंह, सत्येंद्र जैन, शैली ओबेरॉय और राजबीर को शामिल किया गया है।

पांच विशेष आमंत्रित सदस्य भी नियुक्त

राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अलावा पार्टी ने पांच विशेष आमंत्रित सदस्यों का भी चयन किया है। इनमें अजय दत्त, चैतर वसावा, इमरान हुसैन, मेहराज मलिक और वेंजी वीगास शामिल हैं।

संगठन और आगामी रणनीति पर हुआ मंथन

राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आने वाले समय की राजनीतिक रणनीति को लेकर मंथन किया गया। वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और संगठन विस्तार से जुड़े मुद्दों पर सदस्यों को जानकारी दी।

AAP के लिए यह बैठक संगठनात्मक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें पार्टी नेतृत्व और राष्ट्रीय कार्यकारिणी को लेकर अहम फैसले लिए गए।