उद्योग मंत्री ने मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व वाली सरकार के तहत नीतिगत, निवेशक-अनुकूल व्यवस्था को किया रेखांकित
चंडीगढ़/दुबई, 08 सितंबर 2026 Fact Recorder
Punjab Desk: पंजाब में निवेश, कारोबार और व्यापारिक साझेदारी की नई संभावनाएं तलाशने तथा पंजाब-यूएई आर्थिक संबंधों को और मजबूत करते हुए बड़े निवेश के लिए मार्ग प्रशस्त करने के उद्देश्य से पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री अमन अरोड़ा ने आज दुबई में आयोजित वार्षिक निवेश बैठक (ए.आई.एम.) के दौरान रास अल खैमाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन महामहिम मोहम्मद मोसबेह अल नुआमी के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने पंजाब को विनिर्माण, फूड प्रोसेसिंग और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में एक उभरते वैश्विक केंद्र के रूप में प्रस्तुत किया।
रास अल खैमाह के निवेशकों को पंजाब में उपलब्ध व्यापक संभावनाओं का लाभ उठाने का आमंत्रण देते हुए श्री अमन अरोड़ा ने विनिर्माण, फूड प्रोसेसिंग, कृषि-आधारित उद्योग, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में पंजाब की प्रमुख क्षमताओं और संभावनाओं को विस्तार से रेखांकित किया।
उद्योग मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार मजबूत वैश्विक साझेदारियां स्थापित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सक्रिय नीतिगत सहयोग, संस्थागत सुविधा तथा सरकारों के बीच बेहतर तालमेल एवं सहयोग के माध्यम से निवेशकों के लिए निर्बाध और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
पंजाब और रास अल खैमाह के बीच निवेश तथा आर्थिक सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर विचार-विमर्श के दौरान महामहिम अल नुआमी ने कैबिनेट मंत्री श्री अमन अरोड़ा को रास अल खैमाह में उभर रहे निवेश एवं कारोबारी अवसरों से अवगत करवाया, ताकि पंजाब और यूएई के निवेशकों के बीच पारस्परिक रूप से लाभकारी साझेदारियां स्थापित की जा सकें।
विचार-विमर्श के दौरान संस्थागत तथा कारोबारी स्तर पर साझेदारियों को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों पक्षों से निवेश के प्रवाह को गति देने के लिए मजबूत और निवेश-अनुकूल वातावरण तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई।













