September 03,2026 Fact Recorder
Haryana Desk: खरखौदा (सोनीपत)। कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। गोपालपुर गांव की सीमा के पास मजदूरों से भरी एक ईको कार की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ईको सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को तत्काल खरखौदा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बाजरा काटने के लिए झज्जर जा रहे थे मजदूर
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के करीब 11 मजदूर और ईको चालक समेत कुल 12 लोग कार में सवार थे। सभी मजदूर झज्जर की तरफ बाजरा काटने के लिए मजदूरी करने जा रहे थे।
गुरुवार सुबह करीब 5 बजे जब ईको गोपालपुर गांव की सीमा के पास KMP एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी उसकी एक ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तीन की मौ*त, दो शवों की पहचान नहीं
हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में रामनरेश पुत्र रामचंद्र, निवासी बड़ेपुरा, जिला पीलीभीत की पहचान हो गई है। वहीं, दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
दो शवों को खरखौदा अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि एक शव दुर्घटनाग्रस्त ईको कार में फंसा हुआ है। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल की टीम प्रयास कर रही है।
सभी घायल पीलीभीत के रहने वाले
हादसे में घायल हुए लोगों की पहचान विवेक पुत्र प्रभुदयाल, छोटू पुत्र खुशहाली, हरिशंकर पुत्र नेतराम, खुशहाली, फातिलाल पुत्र बुद्धसिंह, महेंद्रपाल पुत्र रामसहाय, संजीव पुत्र रामपाल, प्रमोद पुत्र रामरती और नेवाराम के रूप में हुई है।
बताया गया है कि सभी घायल पीलीभीत जिले के बड़ेपुरा गांव के रहने वाले हैं। हादसे के बाद उन्हें खरखौदा सीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और राहत दल ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के साथ ईको में फंसे शव को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान की प्रक्रिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।













