Home Hindi राम मंदिर के नए CEO पर आज फैसला संभव, ट्रस्ट की बैठक...

राम मंदिर के नए CEO पर आज फैसला संभव, ट्रस्ट की बैठक में तीन नामों के पैनल पर लगेगी मुहर

September 02,2026 Fact Recorder

National Desk:  रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक बुधवार को शाम 4 बजे मणिरामदास जी की छावनी में प्रस्तावित है। बैठक में राम मंदिर के नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) के चयन को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है।

करीब दो महीने चली चयन प्रक्रिया के बाद चयन समिति ने तीन उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया है। समिति ने यह पैनल मंगलवार को ट्रस्ट को सौंप दिया था। अब सभी की नजरें ट्रस्ट की बैठक और उसके फैसले पर टिकी हैं।

बैठक में राम मंदिर से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा होगी। इनमें चढ़ावा चोरी के मामले की जांच की समीक्षा के साथ-साथ ट्रस्ट के विलेख में संभावित संशोधन भी शामिल है।

बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, सदस्य शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद और सदस्य युगपुरुष स्वामी परमानंद मंगलवार को ही अयोध्या पहुंच गए। वहीं, ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास, अंतरिम महासचिव कृष्णमोहन, सदस्य महंत दिनेंद्र दास और पदेन सदस्य जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी पहले से अयोध्या में मौजूद हैं।

ट्रस्ट के कुछ अन्य सदस्य बैठक में ऑनलाइन जुड़ सकते हैं। इनमें के. परासरन, प्रदेश के गृह सचिव संजय प्रसाद, सीबीएसई चेयरपर्सन एवं ट्रस्ट के केंद्र सरकार के प्रतिनिधि प्रशांत लोखंडे तथा मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र शामिल हैं।